हाथ से हाथ जोड़ो के जरिए कांग्रेस आज करेगी चुनावी शंखनाद

देहरादून

आज गणतंत्र दिवस के मौके पर दो माह तक चलने वाले हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत कर, मुख्य विपक्षी लोकसभा चुनाव का शंखनाद करने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा की मौजूदगी में गुरुवार को इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। बुधवार को कांग्रेस भवन में अभियान की रूप रेखा रखते हुए कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और स्टीयरिंग कमेटी के सदस्य मोहन प्रकाश ने कहा कि भारत जोड़ो अभियान मुख्य रूप से सामाजिक परिवर्तन का अभियान था, जबकि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान सत्ता परिवर्तन का अभियान है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल, स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों पर हमला कर रहा है। इसी क्रम में दो माह तक चलने वाला हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू किया जा रहा है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश के घर – घर पर दस्तक देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीब वर्ग की कीमत पर, पूंजीपतियों को लाभ पहुंचा रही है। यूपीए सरकार के समय देश पर महज 55 लाख करोड़ का कर्ज था जो अब बढ़कर 1.55 लाख करोड़ हो गया है। पहले सरकार जरूरी वस्तुओं की कीमत रोकने का प्रयास करती थी, लेकिन अब सरकार ने सबकुछ बाजार के हवाले कर दिया है। मोहन प्रकाश ने आरोप लगाया कि कॉलेज, यूनिवर्सिटी में होने वाली नियुक्ति मैरिट के बजाय संघ परिवार की सिफारिश पर की जा रही है। सरकार निजी तेल कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए,क्रूड ऑयल सस्ता होने के बावजूद पेट्रोल- डीजल सस्ता नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उपराष्ट्रपति जजों की नियुक्ति को लेकर संवैधानिक पीठ के निर्णय को भी नकार रहे हैं, इससे संविधान से छेड़छाड़ की आशंका भी तेज हो गई है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व मंत्री नवप्रभात, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, मथुरा दत्त जोशी, विजय सारस्वत के साथ ही मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी, मीडिया विभाग से पीके अग्रवाल भी उपस्थित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *