असम राइफल के हवलदार का अंतिम संस्कार किया
चमोली
राजकीय सम्मान के साथ शनिवार को असम राइफल के हवलदार रघुवीर सिंह पंवार का रामगंगा पैत्रिक घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। 19 असम रायफल में हवलदार के पद पर कार्यरत 58 वर्षीय रघुवीर सिंह पंवार ग्वाड़ तल्ला, गैरसैंण वर्तमान में दीमापुर नागालैंड में तैनात थे। गत दिनों बीमारी के कारण उनकी मृत्यु हो गयी थी। उनके पार्थिव शव को लेकर आये 19 असम राइफल के नायब सूबेदार मोहन चंद्र ने बताया कि हलवदार रघुवीर सिंह पंवार लम्बे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका एक बेटा और पांच बेटियां हैं। उनकी पत्नी का भी दो माह पूर्व निधन हो चुका है। पैत्रिक घाट पर उनके पुत्र लक्ष्मण सिंह ने उन्हें मुखाग्नि दी। इससे पूर्व रुद्रप्रयाग से 6 ग्रेनेडियर से आये जेसीओ एवं 20 जवानों ने उन्हें अंतिम समाली दी। इस दौरान नपंअ पुष्कर रावत, पूर्व नपंअ गंगा पंवार, कानूनगो सुनील सिमल्टी, मंगल नारायण, धीरज सिंह, पृथ्वी बिष्ट और दिनेश गौड़ एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
