मृणाल के दम पर दून पुलिस ने कब्जाया ऊर्जा कप
देहरादून। मृणाल रावत के हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर दून पुलिस ने ऊर्जा कप की ट्रॉफी अपने नाम कर दी। फाइनल में दून पुलिस ने यूपीसीएल को दो विकेट से हराया। मृणाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। आर्यन क्रिकेट अकादमी में रविवार को उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव महिम वर्मा ने फाइनल मैच का शुभारंभ किया। टॉस जीतकर यूपीसीएल पहले बल्लेबाजी करने उतरी। टीम ने देवेंद्र अधिकारी के 44 रनों की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 126 रन बनाए। दून पुलिस की ओर से मृणाल ने पांच, गजेंद्र, सोहन, अरुण ने एक-एक विकेट चटकाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून पुलिस की टीम 19.3 ओवर में ही जीत गई। टीम के लिए मृणाल रावत ने 44, अरुण गौर ने 30, आनंद ने 23 रनों का योगदान किया। यूपीसीएल के लिए किरण सिंह ने तीन, मुकेश और आशीष ने दो-दो विकेट लिए। यूपीसीएल के किरण रावत को मैन ऑफ द सीरीज, यूपीसीएल के मुकेश कुमार को बैस्ट बॉलर, यूपीसीएल के ही आशीष रावत को बेस्ट बैट्समैन चुना गया। इसके अलावा एफआरआई की टीम को फेयर प्ले की टॉफी दी गई। मौके पर सीएयू के उपाध्यक्ष धीरज भंडारी, राजीव दत्ता, विजय प्रताप, नीलू सिंघल, डीएस खाती, पीसी वर्मा, सुधाकर बडोनी आदि मौजूद थे।
