एकीकृत बीएड डिग्री को मिले मान्यता
रुडकी। भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मिलकर अशासकीय विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती के लिए चार वर्षीय एकीकृत बीएड की डिग्री को भी मान्यता देने की मांग की है। प्रकोष्ठ के गढ़वाल मंडल संयोजक डॉ. प्रदीप त्यागी ने जिला पंचायत डाक बंगले में शिक्षामंत्री से मिलकर उन्हें इस बारे में पत्र सौंपा। बताया कि राज्य में श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय समेत कई शिक्षण संस्थान चार वर्षीय एकीकृत बीएड का कोर्स करा रहे हैं। कई छात्र यह चार वर्षीय बीएड कोर्स कर चुके हैं और कई इस कोर्स में अध्ययनरत हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में प्राथमिक विद्यालयों और राजकीय इंटर कॉलेजों में सहायक अध्यापक और लेक्चरर की भर्ती के लिए तो यह डिग्री मान्य है लेकिन अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती के लिए आवेदकों की टॉप सेवन मेरिट लिस्ट बनाने के लिए मापदंड निर्धारित नहीं है। उन्होंने शिक्षामंत्री से इन छात्रों के हित में चार वर्षीय एकीकृत बीएड डिग्री को अशासकीय विद्यालयों में शिक्षक भर्ती हेतु मान्य करने और चयन प्रक्रिया में मेरिट के लिए निर्धारित मापदंड बनाने की मांग की है।
