रहस्यमयी प्रेम कहानी का अहसास करता राधेश्याम का दूसरा ट्रेलर जारी
आगामी सप्ताह 11 मार्च को प्रदर्शित होने जा रही बाहुबली फेम प्रभास की राधेश्याम का आज निर्माताओं द्वारा दूसरा ट्रेलर जारी किया गया। करीब एक मिनट का यह ट्रेलर फिल्म की अच्छी खासी झलक दिखा जाता है। ट्रेलर में जहाँ प्रभास दमदार संवाद बोलते नजर आ रहे हैं, साथ की कुछ एक्शन दृश्य भी दिखाए गए हैं और डूबते जहाज से दुखद अन्त की झलक भी दिखायी गई है।
यह फिल्म आगामी शुक्रवार 11 मार्च 2022 को रिलीज होने वाली है। राधेश्याम पैन इंडिया फिल्म है जिसे हिन्दी, तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ भाषा में प्रदर्शित किया जाएगा। इस फिल्म का निर्देशन राधा कृष्ण कुमार ने किया है। यूवी क्रिएशंस (लायका) के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, वामसी और प्रमोद ने किया है। दर्शकों की नजरों में अभी तक प्रभास बाहुबली वाली इमेज में कैद रहे हैं, हालांकि बाहुबली के बाद वे एक्शन थ्रिलर साहो में दिखाई दिए हैं। राधेश्याम में वे एक मिस्टीरियस लवर बॉय विक्रमादित्य के रोल में हैं।
दूसरे ट्रेलर से पता चलता है कि कहानी आगे कैसे बढ़ेगी लेकिन अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि कथानक क्या है। फिल्म के अब तक जारी हुए पोस्टर्स एक रोमांटिक फिल्म का अहसास करवा रहे थे, दूसरे ट्रेलर से महसूस हो रहा है कि यह एक रहस्यमयी गाथा है, जिसे प्रेम कहानी की चाशनी में डुबो कर पेश किया गया है। फिल्म में प्रभास लोगों के हाथ पढ़ कर उनकी किस्मत की कहानी सुनाते नजर आ रहे हैं।
