काँग्रेस ने की शहर में चल रहे नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग
देहरादून। कांग्रेसियों ने शहर में नशे का अवैध कारोबार चलने की शिकायत डीजीपी से की है। उन्होंने डीजीपी अशोक कुमार को ज्ञापन सौंपकर इस पर रोकथाम की मांग उठाई है। विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि दून को शिक्षा का केंद्र माना जाता है। अन्य राज्यों से आवागमन बढ़ने के साथ शिक्षण संस्थानों के आसपास एवं शहर की अनेकों रिहायशी इलाकों व बस्तियों में नशे का अवैध कारोबार फल फूल रहा है। युवाओं को नशा अपने आगोश में जकड़ रहा है। पूर्व विधायक राजकुमार एवं पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि रेस्ट कैम्प मद्रासी कॉलोनी, ब्रहमपुरी, ट्रांस्पोर्ट नगर, पटेलनगर, मेहूंवाला, निरंजनपुर सब्जी मंडी, राजीव नगर, आजाद कॉलोनी, डालनवाला, बिन्दाल बस्ती, मित्रलोक कॉलोनी, चूना भट्टा रायपुर, कांवली रोड़, बिन्दाल पुल, जवाहर कॉलोनी, निम्बूवाला चोरखाला, डाकरा, पूरण बस्ती भाग दो, आर्य नगर आदि अनेक क्षेत्रों में काफी लंबे समय से यह कारोबार किया जा रहा है। कड़ी कार्रवाई नहीं होने से नशा तस्करों एवं कारोबारियों के हौसले बुलंद है। इस अवैध कारोबार में कई जगहों पर स्थनीय पुलिस का संरक्षण प्राप्त होने की भी शिकायत की गई। इस दौरान अनूप कपूर, दीप वोहरा, अर्जुन सोनकर, रमेश कुमार मंगू, सुभाष धस्माना, सिद्धार्थ वर्मा, सुनील, सुलेमान, अमरजीत, दिवाकर आदि मौजूद रहे।
