गैंगस्टर राजा उर्फ इरफान की सम्पत्ति होगी कुर्क
हरिद्वार। हरिद्वार में अपनी पुलिस कप्तानी के आखिरी दिन भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने में मशगूल रहे। उनकी कार्यशैली का नतीजा ही है कि शराब तस्करी के धंधे में लिप्त रहे गैंगस्टर इरफान उर्फ राजा की अवैध ढंग से अर्जित की गई संपत्ति को कुर्क करने के आदेश जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने दिए।रानीपुर क्षेत्र के दादूपुर गोविंदपुर निवासी राजा उर्फ इरफान पुत्र अशरफ के खिलाफ रानीपुर कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी। पुलिस ने उसके गैंग में शामिल सदस्यों के खिलाफ भी कार्रवाई की थी और अवैध ढंग से अर्जित की गई उसकी संपत्तियों का भी ब्योरा जुटाया था। सामने आया था कि उसने अपनी पत्नी के नाम पर दादूपुर रुड़की में एक भूखंड खरीदा है और उसके नाम पर एक वाहन का रजिस्ट्रेशन है। मौजूदा समय में उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के 18, एनडीपीएस एक्ट में दो मुकदमे दर्ज हैं। एसएसपी ने बताया कि गैंगलीडर राजा उर्फ इरफान गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए भूखंड एवं चौपहिया वाहन को कुर्क करने के आदेश जिलाधिकारी ने दिए हैं। तहसीलदार हरिद्वार को अचल सम्पत्ति का प्रशासक नियुक्त किया गया है। यही नहीं चौपहिया वाहन को थाने में दाखिल किए जाने के लिए प्रभारी निरीक्षक रानीपुर को नामित किया गया है।
