सीएम ने किया कुमाऊंनी रामलीला पर शोध ग्रंथ का विमोचन

देहरादून(आरएनएस)।  संस्कार परिवार देवभूमि ट्रस्ट देहरादून द्वारा अयोध्या में श्री राम मंदिर प्राण के पावन अवसर पर आयोजित सनातन गौरव उत्सव के दूसरे दिन सीएम पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. मथुरा दत्त जोशी के शोध ग्रंथ कुमाऊंनी रामलीला ऐतिहासिक और सांस्कृतिक अध्ययन के नवीन संस्करण का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री आवास हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को ट्रस्टा की ओर से श्री राम दरबार, पशुपति नाथ नेपाल की रुद्राक्ष माला के साथ मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बनाए जाने वाले घुघुतिए भी भेंट किए गए। सीएम ने उत्तराखंड की रामलीला की परंपरा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि हाल ही में अयोध्या में उत्तराखंड के दल द्वारा प्रस्तुत रामलीला को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी सराहा है। इस शोध ग्रंथ में कुमाऊं का परिचय, भारत में रामलीला का उद्भव और स्वरूप, कुमाऊं की रामलीला का उद्भव एवं विकास, गढ़वाल मंडल में रामलीला का स्वरूप, रामलीला का बदलता स्वरूप, रामलीला में प्रयोग होने वाले आभूषण, अस्त्र-शस्त्र एवं वेशभूषा, संगीत में प्रयोग होने वाले वाद्य यंत्र, प्रमुख कलाकार, श्रृंगार करने वाला प्रबंध मैनेजर, संगीतिक पदों की संरचना, कथावस्तु और संवाद, राग की दृष्टि से पदों में प्रयुक्त भाषा शैली एवं भाव तत्व, रामलीला का सामाजिक सांस्कृतिक महत्व, रामलीला का आर्थिक महत्व, विदेश में भारतीय रामलीला का बढ़ता प्रचलन आदि विस्तार से बताया गया है। इस अवसर पर डॉ. मथुरा दत्त जोशी, योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी, भगवती जोशी, गीता जोशी, रमेश जोशी, विमला जोशी, कमल जोशी, संजय जोशी, तनुज जोशी उपस्थित रहे। वहीं दून योग पीठ देहरादून की दोनों शाखाओं में विशेष योग शिविर और श्रीराम ध्यान(मेडिटेशन) कराया गया। साथ ही माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर टपकेश्वर महादेव और श्री राम कुष्ठ आश्रम में खिचड़ी वितरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *