मां से मारपीट करने वाले पुत्र पर केस
रुद्रपुर
रुपये नहीं देने पर बेटे ने मां को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम दियूरी निवासी चंचल टम्टा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका बेटा मंजीत आए दिन गांव में तोड़फोड़ और मारपीट करता है।
एक मार्च की शाम उसने उससे रुपये मांगे। जब रुपये देने से इनकार किया तो वह घर का सामान फ्रीज, खिड़की के शीशे आदि तोड़ने लगा। मना करने पर उसने उसको डंडे व पत्थरों से मारना-पीटना शुरू कर दिया। मारपीट कर उसने बायें पैर में फ्रैक्चर कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने उसकी जान बचाई। इस बीच वह परिवार के सभी लोगों को जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पुलिस ने मामले में आरोपी मंजीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
