नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी आलिया के प्रोडक्शन की पहली फिल्म डार्लिंग्स

अभिनेत्री आलिया भट्ट ने पिछले साल ही अपने प्रोडक्शन हाउस एटर्नल सनशाइन का ऐलान किया था। वह शाहरुख खान की प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के सहयोग से फिल्म डार्लिंग्स को प्रोड्यूस कर रही हैं। यह उनके प्रोडक्शन की पहली फिल्म है। खास बात यह है कि आलिया इसमें अभिनय करती हुई भी नजर आएंगी। अब यह फिल्म बहुत जल्द स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। आलिया ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर जानकारी शेयर की है।
आलिया ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर वीडियो शेयर करते हुए डार्लिंग्स की रिलीज डेट से पर्दा उठाया है। उन्होंने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, हाय, डार्लिंग्स। आपसे जल्द ही मिलते हैं। शेयर किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि आलिया समेत बाकी कलाकारों ने कितने मजेदार अंदाज में दर्शकों को सरप्राइज दिया। कैमरे के पीछे एक शख्स कलाकारों से यह सवाल करते हुए दिख रहा है कि क्या फिल्म नेटफ्लिक्स पर आएगी।
फरवरी में खबरें सामने आई थीं कि डार्लिंग्स के स्ट्रीमिंग राइट्स नेटफ्लिक्स को बेचे गए हैं। रिपोर्ट की मानें तो नेटफ्लिक्स ने 75 करोड़ रुपये में यह सौदा किया। इसे एक बड़ा डील माना जा सकता है।
डार्लिंग्स में शेफाली शाह और विजय वर्मा दिखेंगे। रोशन मैथ्यू भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। इस फिल्म से निर्देशन के क्षेत्र में जसमीन रीन डेब्यू करेंगी। यह एक डार्क कॉमेडी फिल्म है। फिल्म मध्यम वर्गीय पृष्ठभूमि पर आधारित होगी। इसकी कहानी एक प्यारी मां-बेटी की जोड़ी के इर्दगिर्द घूमती है, जिसे आलिया और शेफाली पर्दे पर निभाने जा रही हैं। इसकी कहानी विचित्र होगी, जो जिंदगी में पागलपन से भरपूर परिस्थितियों से मुठभेड़ करती हैं।
हाल में आलिया की फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी सिनेमाघरों में धमाल मचाने के बाद नेटफ्लिक्स पर प्रसारित हुई है। यह फिल्म 26 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर आई है। इस फिल्म को भी सीधे नेटफ्लिक्स पर रिलीज करने का ऑफर मिला था। उनकी हॉलीवुड डेब्यू फिल्म हार्ट ऑफ स्टोन भी नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। 2020 में आलिया की फिल्म सडक़ 2 ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज हुई थी। इस फिल्म को दर्शकों ने नकार दिया था।
आलिया जल्द ही फिल्म ब्रह्मास्त्र में दिखेंगी। इस फिल्म में उनके पति रणबीर कपूर के साथ उनकी जोड़ी बनी है। फिल्म के इसी सेट पर रणबीर-आलिया के बीच प्यार पनपा था। करण जौहर की बड़े बजट की फिल्म तख्त में भी वह नजर आएंगी। इसके अलावा फरहान अख्तर की रोड ट्रिप पर आधारित फिल्म जी ले जरा भी उनके खाते से जुड़ी है। इस महिला केंद्रित फिल्म में वह मजेदार किरदार में नजर आएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *