डबल इंजन की सरकार में उत्तराखंड विकसित राज्यों में शामिल हुआ: सांसद
विकासनगर।
चकराता विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में टिहरी सांसद राज्य लक्ष्मी शाह ने कालसी में जनसंपर्क कर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। इसके साथ ही बताया कि बीस साल से चकरता विधानसभा से कांग्रेस विधायक रहे हैं, बावजूद इसके यहां विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं।
सांसद ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने पूरे देश के साथ ही उत्तराखंड के विकास के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। इसके साथ ही सीएम ने भी पिछले छह माह में कई विकास योजनाएं शुरू की हैं, जिनका लाभ जनता को मिल रहा है। छह माह में समाज के हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई। कहा कि भाजपा सरकार का पांच साल का कार्यकाल स्वर्णिम रहा है। पांच साल में कोविड संक्रमण के बावजूद सरकार ने समाज के हर व्यक्ति के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए बेहतरीन कार्य किए हैं। डबल इंजन की सरकार में उत्तराखंड विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हुआ है। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री अरुण मित्तल, दयाराम शर्मा, रविता चौहान, विरेंद्र सिंह, कुंदन सिंह, नैन सिंह, उमेश शर्मा, संजय तोमर आदि मौजूद रहे।
