छुट्टियों में बच्चों को परिवार के बुजुर्गों के साथ समय बिताने दें: बडोनी
विकासनगर
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में ग्रीष्मकालीन अवकाश से पहले शिक्षक-अभिभावक परिषद की बैठक संपन्न हुई। बैठक में अभिभावकों को घर में बच्चों की गतिविधियों पर निगाह रखने की सलाह दी गई। इसके साथ ही बताया कि बच्चों को परिवार के बुजुर्गों के साथ अधिक समय बिताने दिया जाए, जिससे वे अपनी संस्कृति, समाज की जानकारी हासिल कर सकें। इसके साथ ही बच्चों को अपने पास पाकर बुजुर्गों का अकेलापन भी दूर होगा। प्रधानाचार्य डा. जीसी बडोनी ने बताया कि विद्यालय के छात्रावास में बच्चे अनुशासन में रहते हैं। यहां हर कार्य और गतिविधि के लिए नियत समय निर्धारित है। बच्चे विद्यालय परिसर के अंदर ही रहते हैं, ऐसे में उनकी हर गतिविधि पर शिक्षकों की पैनी नजर रहती है। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखना अभिभावकों की जिम्मेदारी है। हाईस्कूल, इंटर की कक्षाओं में पढ़ने वाले किशोरों को सही सलाह और मार्गदर्शन की जरूरत होती है, जिससे वे गलत राह पर न निकलें। उन्होंने अभिभावकों को अधिक समय तक मोबाइल और अन्य गैजेट्स नहीं देने की सलाह दी। साथ ही चेताया कि बच्चों को नशे की लत से दूर रखना भी अभिभावकों की जिम्मेदारी है। ग्रीष्मकालीन अवकाश में विद्यालय के शिक्षकों की टीम छात्रों के घरों में विजिट करेगी। इस दौरान सुधा पैन्यूली, प्रताप सिंह, स्वराज सिंह, जवाहर सिंह, शमशेर सिंह पाल, रमन बड़थ्वाल आदि मौजूद रहे।
