जुमेरात पर उमड़ी जायरीनों की भीड़
रुड़की
नौचंदी और जेठ की तीसरी जुमेरात पर कलियर में जायरीनों की भारी भीड़ उमड़ी। जायरीनों ने चिलचिलाती धूप में खड़े होकर दरगाहों पर लाइन लगाकर जियारत की। कलियर में भारी भीड़ होने के कारण पीपल चौक, नहर पुल सहित अन्य सड़कों पर भारी जाम लगा रहा।
नौचंदी और जेठ की जुमेरात एक साथ होने के कारण पिरान कलियर में अकीदतमंदों का जन सैलाब उमड़ पड़ा। नौचंदी और जेठ की तीसरी जुमेरात पर दरगाह साबिर पाक सहित दरगाह इमाम साहब, किलकिली साहब सहित अन्य दरगाहों पर जायरीनों ने जियारत कर मुरादें, मन्नतें मांगी। नौचंदी और जेठ की जुमेरात में हजारों की संख्या में साबिर पाक की दरगाह पर जियारत करने आते हैं और अपनी मन्नतें मांगते हैं।
जायरीन दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, आगरा, नजीबाबाद, सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, बड़ौत सहित अन्य जगहों से पिरान कलियर पहुंचे। दरगाह में हाजरी लगाने के लिए जायरीनों को धूप और तपिश में ही लाइन में लगाकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
