सिंचाई कर्मचारी महासंघ के वीर सिंह अध्यक्ष, रवि सचिव बने
विकासनगर
सिंचाई विभाग कर्मचारी महासंघ की डाकपत्थर शाखा का द्विवार्षिक अधिवेशन मनोरंजन क्लब तृतीय में शुक्रवार को संपन्न हुआ। अधिवेशन में शिरकत करने आए महासंघ के प्रांतीय पदाधिकारियों ने विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शासन स्तर पर चल रही वार्ताओं की जानकारी मुहैया कराई। स्थानीय कर्मियों ने अपनी समस्याएं प्रांतीय पदाधिकारियों के सामने रखीं। अधिवेशन के दूसरे सत्र में नई कार्यकारिणी के चुनाव संपन्न कराए गए जिसमें वीर सिंह शाही अध्यक्ष चुने गए। शनिवार को आयोजित अधिवेशन को संबोधित करते हुए महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष पीएन नौटियाल ने कहा कि शासन स्तर पर कई समस्याएं लंबित हैं। सरकार सिंचाई विभाग के कर्मचारियों के साथ भेदभाव कर रही है। सिंचाई विभाग और लघु सिंचाई विभाग के एकीकरण की साजिश की जा रही है, जिससे सिंचाई विभाग के अस्तित्व पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। उन्होंने कहा कि अपने विभाग के अस्तित्व को बचाने के लिए जोरदार पैरवी की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर ग्रेड पे की विसंगति संबंधी मामला लंबे समय से लटका हुआ है, जिससे कई कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। इस विसंगति को दूर करने के लिए प्रांतीय नेतृत्व जल्द ही सिंचाई मंत्री से वार्ता करेगा। डाकपत्थर शाखा के नव निर्वाचित अध्यक्ष वीर सिंह शाही ने बताया कि डाकपत्थर में कर्मचारियों के आवासीय कालोनियों में लंबे समय से सुधारीकरण कार्य नहीं किया गया है, जिससे अधिकांश आवास जर्जर हो चुके हैं। बरसात के दौरान छतों से पानी टपकता है। शासन से कई बार आवासीय कालोनियों की मरम्मत की मांग की जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। कहा कि ऑफ सीजन पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के तबादले नहीं किए जाने चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने विभाग में वाहन चालकों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की है। कार्यकारिणी के चुनाव के दौरान अध्यक्ष पद पर दो प्रत्याशी मैदान में थे, लिहाजा मतदान कराया गया। वीर सिंह शाही को 29 मत मिले, जबकि पवन कुमार को 23 मतों से ही संतोष करना पड़ा। इसके साथ ही रवि कुमार साहू सचिव, नील प्रसाद उनियाल वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कुंदन सिंह पंवार उपाध्यक्ष, मौ. रफी कोषाध्यक्ष, गबर सिंह संप्रेक्षक निर्विरोध चुने गए। इस दौरान महासंघ के प्रदेश महामंत्री राकेश रावत, अन्य घटक संघों से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विक्रम सिंह मनवाल, प्रदेश संरक्षक बनवारी सिंह रावत, मिनिस्टीरियल एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव दीक्षित, शाखा सचिव आशुतोष पैट्रिक, राजेंद्र अग्रवाल, मीना पासवान, अमर सिंह खुर्चयाल आदि मौजूद रहे।
