मलबा आने से साढ़े चार घंटे बंद रहा साहिया-क्वानू मोटर मार्ग

विकासनगर

भारी बारिश से मलबा आने के कारण बुधवार को साहिया-क्वानू मोटर मार्ग पर चार घंटे यातायात ठप रहा। इससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मार्ग बंद होने से ग्रामीण किसान अपनी नगदी फसलों को समय पर मंडी तक नहीं पहुंचा सके, जिससे उन्हें औने पौने दामों में अपनी उपज बेचनी पड़ी। मंगलवार रात से शुरू हुई बारिश के चलते मलबा आने के कारण साहिया-क्वानू मोटर मार्ग बुधवार सुबह साढ़े छह बजे बंद हो गया था। मार्ग बंद होने से नगदी फसलों को लेकर साहिया, विकासनगर मंडी जा रहे वाहनों की कतार लग गईं। करीब एक घंटे बाद मार्ग खोलने के लिए पहुंची जेसीबी मशीन ने साढ़े दस बजे मलबा हटाकर मार्ग को यातायात बहाल करने लायक बनाया। इस दौरान सौ अधिक वाहनों की कतार लग गई थी। सभी वाहनों में अलग अलग गांवों के किसान नगदी फसलों को लेकर आ रहे थे। अधिकांश किसान दोपहर बारह बजे बाद मंडी में पहुंचे। जबकि मंडी में सुबह नौ बजे तक अधिकांश नगदी उपज बिक चुकी है। देर से पहुंचे किसानों को अपनी नगदी फसलें औने पौने दामों पर बेचनी पड़ी, जिससे उन्हें नुकसान झेलना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *