कार्यसमिति बैठक में आनंद शर्मा ने कहा पार्टी में निचले स्तर पर भी कराए जाने चाहिए चुनाव

नई दिल्ली

कांग्रेस को दीपावली से पहले नया अध्यक्ष मिल जाएगा। कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के बाद रविवार को चुनाव कार्यक्रम का ऐलान कर दिया गया है। इस बैठक में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी ने वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लिया। आपको बता दें कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ विदेश में हैं और वहीं से पार्टी के महत्वपूर्ण निर्णयों में हिस्सा ले रही हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पिछले कुछ समय से केंद्रीय नेतृत्व से नाराज चल रहे आनंद शर्मा ने कहा कि पार्टी संगठन में निचले स्तर पर भी चुनाव कराए जाने चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के ऐलान के साथ ही क्या पार्टी की स्थिति सुधरने लगी है? ऐसे सवाल भी राजनीतिक गलियारों में खूब गूंज रहे हैं। सीडब्ल्यूसी की बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने जमकर तेवर दिखाए। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक से पहले शनिवार को आनंद शर्मा ने गुलाम नबी आजाद से मुलाकात की। बैठक में आनंद शर्मा ने आपत्ति जताते हुए कहा कि निचले स्तर पर पदाधिकारियों के लिए चुनाव नहीं होते हैं। उन्होंने पार्टी संविधान का जिक्र किया। जिसके आर्टिकल 8 से 13 में कहा गया है कि कांग्रेस की सभी प्राइमरी कमेटियों, बूथ, ब्लॉक और जिला कमेटियों में चुनाव होना चाहिए। ऐसे में आनंद शर्मा ने अंतरिम अध्यक्षा से इस मामले में दखल देने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने उन उम्मीदवारों की सूची मुहैया कराने की मांग की, जो अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने वाले हैं ? हालांकि सोनिया गांधी ने चुनाव समिति के मुखिया मधुसूदन मिस्त्री से आनंद शर्मा की चिंताओं को दूर करने के लिए कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *