भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच की मांग

रुद्रप्रयाग

यूकेएसएसएससी भर्ती घोटालों सहित विधानसभा में बैकडोर से हुई भर्तियों की राज्य आंदोलनकारी बीरेंद्र भट्ट ने शीघ्र सीबीआई जांच न होने पर जनांदोलन करने की चेतावनी दी है। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी व यूकेडी के वरिष्ठ नेता बीरेंद्र भट्ट ने उपजिलाधिकारी जखोली से कहा कि यदि प्रदेश सरकार शीघ्र ही भर्तियों में हुये घोटालों की सीबीआई जांच शुरू नहीं करवाती है तो वे क्षेत्रीय ग्रामीणों ने युवा बेरोजगारों के साथ जखोली मुख्यालय में विशाल जनांदोलन शुरू करेंगे। गुरुवार को आंदोलनकारी बीरेंद्र भट्ट ने समूह ग भर्ती में हुई घोटालों की सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि प्रदेश के युवा बेरोजगारों के हितों के लिए वे अंतिम सांस तक लड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में युवाओं के साथ धोखा हो रहा है, नेताओं और अधिकारियों के रिश्तेदारों को ही नौकरिया मिल रही हैं। बेरोजगार धक्के खाने को मजबूर हैं। बेरोजगार युवा देहरादून में आंदोलन कर रहे हैं और सरकार के नुमाइंदे मौन बैठकर गुपचुप तरीके से अपने चहेतों को नौकरियां दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार आम युवा बेरोजगारों का हित चाहती है तो शीघ्र ही यूकेएसएसएसी व विधानसभा में हुये भर्ती घोटालों की सीबीआई से जांच करवाएं और युवाओं के लिए रोजगार के दरवाजे खोले वरना उन्होंने कहा कि वे शीघ्र ही विकासखण्ड मुख्यालय जखोली में जनता व युवा बेरोजगारों के साथ विशाल जनांदोलन शुरू करेंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन प्रशासन व राज्य सरकार की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *