मृतक पशुओं को दफनाने की अनुमति देने के लिए वन मंत्री को लिखा पत्र
देहरादून
महानगर कांग्रेस कमेटी के महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने वन मंत्री उत्तराखण्ड को पत्र के माध्यम से महानगर देहरादून के अन्तर्गत मृतक पशुओं को दफनाने के लिए वन विभाग से अनुमति नहीं मिल पा रही है के विषय में अवगत कराया। पत्र के माध्यम से कहा गया कि देहरादून शहर की कुछ स्थलों पर सड़कों में पडे़ मृतक पशुओं को दफनाये जाने के लिए वन विभाग मना कर रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में वन विभाग द्वारा मृतक पशुओं को दफनाने से मना नहीं किया जाता था। लेकिन अब वन विभाग द्वारा मना किया जा रहा है सरकार गहरी नींद में सो रही है। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार यह कैसी स्मार्ट सिटी बना रही है जिसमें देहरादून की सड़कों पर मृतक पशुओं को दफनाए जाने का सरकार के द्वारा कोई इंतजाम नहीं किया गया है। इस अवसर पर शर्मा ने कहा कि देहरादून नगर निगम क्षेत्र में मृतक पशुओं को उठाने का काम नगर निगम का है। इसके लिए नगर निगम ने यह काम ठेके पर दिया हुआ है। अब ठेकेदार के लोग मृत पशुओं को दफनाने के लिए जा रहे हैं तो वन विभाग मना कर रहा है। ऐसे में मृत पशु कहां जाएंगे। ऐसे में शहर में बीमारी फैलने की संभावना हो सकती है। इस अवसर पर लालचन्द शर्मा ने मांग की है कि मृतक पशुओं को दफनाने जाने के लिए प्रतिबंध हटाया जाए।