डीएम ने की जिला योजना की समीक्षा बैठक
अधूरे कामों को समय से पूरा करें महकमे: डीएम
पौड़ी। डीएम डा. विजय कुमार जोगदण्डे की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिला योजना की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने अधूरे कामों को समय से पूरा करने को कहा है। उन्होंने कहा कि विभाग कार्ययोजना में समस्त क्षेत्रों के लिए नियमानुसार बजट रखें। एसटीपी योजना में चार फीसदी बजट का प्रावधान रखा जाए। उन्होंने कहा कि जिन कामों में कम से कम 50 फीसदी बजट की व्यवस्था होना मुश्किल है और जो योजनाएं किसी विवाद या अन्य अड़चनों के कारण पूरी नहीं हो सकती हो या फिर योजना बहुत लंबी अवधि और बहुत बड़ी धनराशि की हो, ऐसी योजनाओं के बजट से अपने शेष योजनाओं को बजट दिया जा सकता है ताकि वित्तीय व भौतिक प्रगति बढ़ सके। अफसरों को कामों की रिपोर्टिंग में एक रूपता लाने के भी कहा गया। लोनिवि को सड़कों के अधूरे कामों को समय से पूरा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में सीडीओ अपूर्वा पांडे, डीएफओ गढ़वाल मुकेश कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि डीएस कोठियाल, पाबौ केएस नेगी, डीएचओ डीके तिवारी, सीईओ डा. आंनद भारद्वाज, जिला पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री, जिला क्रीड़ा अधिकारी गिरीश कुमार आदि अफसर मौजूद रहे।
