दीपक को मिली डॉक्टरेट की उपाधि
नई टिहरी
नरेंद्रनगर ब्लॉक जखोली गांव निवासी दीपक बिजल्वाण को गढ़वाल विश्विद्यालय श्रीनगर के दीक्षांत समारोह में डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई। दीपक ने अंग्रेजी विषय में पीएचडी की डिग्री हासिल की है। उन्होंने केंद्रीय विवि के एसआरटी परिसर में कार्यरत अंग्रेजी के शिक्षक प्रो.अरुण पंत के निर्देशन में शोधकार्य पूरा किया। पिता की असमय मृत्यु के बाद वह मेहनत के साथ आगे बढ़े। कुछ वर्ष पूर्व ही अंग्रेजी में उनकी पहली पुस्तक द पेजेज ऑफ माइ कॉलेज डायरी भी प्रकाशित हुई है। दीपक ने उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों का अंग्रेजी में अनुवाद भी किया है। वर्तमान में दीपक पौड़ी स्थित एक कॉलेज में सहायक प्राध्यापक पद पर कार्यरत हैं। दीपक की इस उपलब्धि पर लोगों ने उन्हें बधाई दी है।