निर्माणाधीन बिल्डिंग में तोड़फोड़, केस दर्ज
ऋषिकेश। छिद्दरवाला में निर्माणाधीन बिल्डिंग के छज्जे को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान भवन मालिक के साथ सात लोगों ने गाली-गलौज कर दी। पीड़ित ने बिल्डिंग में तोड़फोड़ का भी आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच करते हुए पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास में जुटी है। रायवाला पुलिस के मुताबिक भूषण कुमार पुत्र स्व. प्रभु दयाल, निवासी सुमन विहार, बापूग्राम, ऋषिकेश ने शिकायत की दी कि वह बीती 11 फरवरी को छिद्दरवाला में निर्माणधीन बिल्डिंग का काम देखने पहुंचे थे। पड़ोस में रहने वाले सुमित और महेंद्र लाल कक्कड़ ने बिल्डिंग के छज्जे को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए बिल्डिंग में तोड़फोड़ कर करीब 40 हजार रुपये का नुकसान कर दिया। थानाध्यक्ष कुलदीप पंत ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 452, 147, 504 और 427 के तहत कार्रवाई की गई है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। अज्ञातों की पहचान की कोशिशें भी जारी हैं। जल्द आरोपियों की धरपकड़ कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
