फैक्ट्री में हुई चोरी का खुलासा, दो धरे

हरिद्वार

रानीपुर कोतवाली पुलिस ने एक कंपनी में हुई चोरी की वारदात का पटाक्षेप करते हुए दो आरोपियों को दबोचा है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया तांबा बरामद कर लिया गया है। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र की कंपनी आईसी इलेक्ट्रिकल से कॉपर की तार, कोइल, एल्युमिनियम हीट चोरी कर ली गई थी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सामने आया था कि पूर्व में भी कंपनी में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। कंपनी प्रबंधक उदित शर्मा ने इस संबंध में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। बताया कि चोरी के खुलासे के लिए गैस प्लांट चौकी प्रभारी अरविंद रतूड़ी की अगुवाई में टीम गठित की गई थी। टीम ने औद्योगिक क्षेत्र तिराहे के पास दो आरोपी जावेद और दानिश निवासीगण जमालपुर खुर्द रानीपुर को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 10 किलोग्राम तांबे की अंजली तार, एल्युमिनियम हीट सिंक दो, कॉपर वायर रील दो, कॉपर केबल 7.5 मीटर, 16 अदद कापर थिंबल और 48 हजार की नकदी बरामद हुई है। घटना में प्रयुक्त की गई मोटरसाइकिल भी सीज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *