तुर्किये की संसद ने नाटो में फिनलैंड की सदस्यता पर मुहर लगाई

तुर्किये की संसद ने नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) में शामिल होने की फिनलैंड की अर्जी पर बृहस्पतिवार को मुहर लगा दी, जिससे नॉर्डिक देश (फिनलैंड) के पश्चिमी देशों के सैन्य गठबंधन का हिस्सा बनने की अंतिम बाधा भी दूर हो गई। तुर्किये की संसद में मौजूद सभी 276 सांसदों ने सर्वसम्मति से फिनलैंड के दावे के पक्ष में वोट किया। इसके कुछ दिन पहले हंगरी की संसद ने भी फिनलैंड को नाटो में शामिल किए जाने का समर्थन किया था। एक साल पहले यूक्रेन पर रूस के आक्रमण से चिंतित फिनलैंड और स्वीडन ने नाटो से न जुड़ने की अपनी दशकों पुरानी नीति छोड़ दी थी और सैन्य गठबंधन में शामिल होने के लिए आवेदन किया था। गौरतलब है कि फिनलैंड और स्वीडन के 30 सदस्यीय नाटो में शामिल होने के लिए सभी सदस्यों की सहमति आवश्यक है। तुर्किये और हंगरी, फिनलैंड को इस सैन्य गठबंधन का हिस्सा बनाने की सहमति देने वाले आखिरी दो नाटो सदस्य हैं। इस बीच, नाटो में शामिल होने की स्वीडन की कवायद अभी लंबित है, क्योंकि तुर्किये और हंगरी ने फिलहाल इसे हरी झंडी नहीं दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *