निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ उतरे सभासद
पिथौरागढ़
रि-एडमिशन वापस करने, मेंटिनेंस के नाम पर आर्थिक शोषण न करने और शिक्षक-शिक्षिकाओं को उचित मानदेय देने की मांग को लेकर सभासदों ने गांधी चौक में धरना दिया। उन्होंने रि एडमिशन सहित अन्य शुल्क वापस करने की मांग की है। गुरुवार को गांधी चौक में जाग उठा पहाड़ के बैनर तले सभासदों ने निजी स्कूलों के खिलाफ धरना दिया। सभासद कमल कुमार पाण्डेय ने कहा कि निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ जो आंदोलन किया जा रहा है उसका वह समर्थन करते हैं। सभासद निजी स्कूलों की लूट-खसोट के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे। अस्कोट से आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे टिकेंद्र बहादुर पाल ने कहा कि प्राइवेट स्कूलों में पढ़ाई कम व्यापार ज्यादा हो रहा है। वर्तमान में गरीब वर्ग के बच्चे को अध्ययन में काफी दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने रि एडमिशन व अन्य मनमाने शुल्क वापस करने की मांग की है। इस दौरान विजय सिंह महर,एडवोकेट अनिल रौतेला,चंद्र बहादुर बम,आशीष सौन,शेर सिंह,मदन सन्याल,पवन सिंह माहरा,रवींद्र सिंह बिष्ट,रोहित कुमार मौजूद रहे।
