पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज के प्रथम प्राचार्य डॉ. बरोनिया का त्याग पत्र मंजूर
पिथौरागढ़
पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज का निर्माण अभी ढंग से शुरू भी नहीं हो पाया है। इससे पूर्व ही कॉलेज के पहले प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार बरोनिया का त्याग पत्र मंजूर कर लिया गया है। उनकी जगह अब शासन ने अल्मोड़ा राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान के पीडियाट्रिक्स विभाग के प्रो.डॉ. अजय आर्या को मेडिकल कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ.हर्षवर्धन ने 13मई 2020 को इस मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति का पत्र क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा को दिया था। इसके बाद अक्तूबर माह में यहां प्राचार्य के पद पर डॉ. अरविंद कुमार बरोनिया की नियुक्ति की गई। 570 करोड़ के इस अस्पताल का निर्माण कार्य इसी साल शुरू हो पाया है। अस्पताल बनने से पहले ही प्राचार्य डॉ. बरोनिया ने व्यक्तिगत कारणों से 28 मार्च 2023 को अपना त्याग पत्र दे दिया था। 18 अप्रैल को चिकित्सा शिक्षा विभाग के निदेशक ने इस त्याग पत्र को स्वीकार करने का एक प्रस्ताव शासन को भेजा। जिसे 15 मई को राज्यपाल से स्वीकृति मिल गई है। अनु सचिव ऋचा की तरफ से जारी आदेश में त्याग पत्र स्वीकार करने की पुष्टि की गई है। इधर चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर सचिव अरुणेन्द्र सिंह चौहान ने अब अल्मोड़ा राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान के पीडियाट्रिक्स विभाग के प्रो.डॉ. अजय आर्या को यहां मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य का अतिरिक्त प्रभार देने का आदेश निर्गत किया है। इससे पूर्व यहां तैनात प्राचार्य डॉ. बरोनिया बेस अस्पताल की भी अतिरिक्त जिम्मेदारी देख रहे थे।
