विधायक पुंडीर ने यूक्रेन से लौटे यशवीर का हाल जाना

विकासनगर

यूक्रेन से लौटे सहसपुर ब्लॉक के पीतांबरपुर निवासी छात्र से विधायक सहदेव पुंडीर ने मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। साथ ही यूक्रेन से भारत वापसी के दौरान हुई परेशानियों पर चर्चा की। पीतांबरपुर निवासी छात्र यशवीर सिंह राणा शुक्रवार देर शाम को अपने घर पहुंचे। शनिवार को विधायक ने उनसे मुलाकात की। छात्र ने बताया कि युद्ध के शुरुआती दिनों में कोई डर नहीं लग रहा था। जैसे गोलीबारी और बमबारी तेज होने लगी, उसके बाद अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया। लेकिन इस दौरान भारतीय दूतावास और भारत सरकार से मिले संदेश ने सभी छात्रों के हौसले को बढ़ाया। युद्ध के पहले दिन से ही भारत सरकार ने यूक्रेन में फंसे अपने नागरिकों से संपर्क करना शुरू कर दिया था। उन्होंने बताया कि पोलेंड बॉर्डर तक उन्हें बस में ले जाया गया। विधायक पुंडीर ने कहा कि यूक्रेन में फंसे उत्तराखंड के अन्य नागरिकों को जल्द वापस लाने के लिए प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार हर संभव कोशिश कर रही है। सभी नागरिकों की सुरक्षित घर वापसी सरकारों की प्राथमिकता है। इस दौरान पार्षद बीना रतूड़ी, जीवन रावत, विजेंद्र उनियाल, तारेश्वरी भंडारी, धर्मपाल बिष्ट, जयवीर सिंह राणा, दर्शन रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *