आश्वासन मिलने पर आमरण अनशन खत्म
रुद्रप्रयाग। नगर पालिका में नौकरी पर बहाली की मांग को लेकर बीते चार दिनों से नगर पालिका कार्यालय में आमरण अनशन पर बैठे रामपाल ने नपा के आश्वासन के बाद आमरण अनशन खत्म कर दिया है। नगर कांग्रेस कमेटी ने भी अनशनकारी के समर्थन में आकर शीघ्र उन्हें बहाली करने की मांग की।
रामपाल के आमरण अनशन पर बैठने के बाद उनके स्वास्थ्य में भारी गिरावट आ गई थी। वहीं नगर कांग्रेस ने अनशनकारी के समर्थन में नपा से उन्हें नौकरी पर वापस लेने की मांग की। सोमवार देर सायं अनशनकारी की स्थिति को देखते हुए नगर पालिका के ईओ सुशील कुरील, कोतवाली निरीक्षक जयपाल सिंह नेगी, नगर कांग्रेस के अध्यक्ष प्रशांत डोभाल, दीपक भंडारी आदि की मौजूदगी में अनशनकारी को जूस पिलाते हुए उनका अनशन खत्म करवाया गया। इधर, अनशनकारी के परिवार ने नगर पालिका से शीघ्र उन्हें नौकरी पर लेने की मांग की है ताकि उनके परिवार का भरण पोषण चल सके।
