जलभराव के कारण शहर की गति थम सी गई
ऋषिकेश। बारिश के कारण शनिवार को शहर के अधिकतर हिस्से जलमग्न हो गए। सड़कों और गलियों में चारों ओर जलभराव हो गया। बारिश ने नगर निगम के जल निकासी के तमाम इंतजामों की पोल खोलकर रख दी। राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य सड़कों पर कई-कई फुट पानी भर गया। जलभराव के कारण शहर में ट्रैफिक भी प्रभावित रहा। हाईवे पर लंबा जाम लग गया। बारिश के चलते शनिवार को घंटों वाहन जाम में फंसे रहे। हरिद्वार मार्ग पर जलभराव से ऑटो, गाड़ियां और दुपहिया वाहन खराब हो गए, जिससे लोगों को भारी परेशानी हुई। शनिवार सुबह 11 बजे बारिश शुरू हुई। बारिश शुरू होने के साथ ही सड़कों पर जलभराव होने लगा। करीब आधे घंटे की बारिश में शहर के अधिकतर हिस्से जलमग्न हो गए। शहर के मुख्य बाजार, हरिद्वार मार्ग, पुरानी सब्जी मंडी, घाटमार्ग, दून मार्ग, रेलवे मार्ग, हीरा लाल मार्ग, लक्ष्मणझूला मार्ग समेत तमाम सड़कों पर जलभराव होने से दिक्कतें हुई। हरिद्वार मार्ग पर सबसे अधिक दिक्कत रही। यहां हाईवे तालाब में तब्दील होने से वाहनों का लंबा जाम लग गया। कई वाहन हाईवे पर फंस गये। जबकि दुपहिया चालक तेज बहाव के चलते रपटकर चोटिल भी हुए। यहां शांतिनगर परशुराम चौक से आने वाला बरसाती पानी हरिद्वार हाईवे पर बहने लगा।