इमलीखेड़ा मार्ग पर मालवाहक वाहनों की आवाजाही बंद होने से परेशानी

रुड़की। सहारनपुर और भगवानपुर की ओर से आने वाले ट्रकों और अन्य मालवाहक वाहनों के लिए इमलीखेड़ा-धनौरी मार्ग पर आवाजाही बंद करने से वाहन चालकों दो टोल प्लाजा पर टैक्स देना पड़ रहा है। उद्यमियों और ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों ने मामले में सरकार से हस्तक्षेप कर कार्रवाई करने की मांग की है। क्षेत्र के उद्यमियों और ट्रांसपोर्टरों की शिकायत है कि उनके वाहनों को भगवानपुर-इमलीखेड़ा मार्ग से नहीं जाने दिया जाता है। इनकी आवाजाही भगवानपुर से रुड़की होते हुए कराई जा रही है। ऐसे में भगवानपुर से हरिद्वार जाने वाले वाहन चालकों को 30 किलोमीटर के अंदर ही दो टोल प्लाजा पर टैक्स देना पड़ रहा है। जबकि राजमार्ग के मानकों के हिसाब से 60 किलोमीटर के अंदर एक ही टोल प्लाजा पर कर देना होता है। भगवानपुर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के महासचिव गौतम कपूर ने बताया कि शुक्रवार को यह मुद्दा उद्योग मित्र की हरिद्वार में संपन्न हुई बैठक में उठाया गया था। प्रशासन के संज्ञान में मामला लाया गया, जिस पर प्रशासन की ओर से जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है। वहीं उत्तराखंड ट्रांसपोर्ट महासंघ के प्रदेश महासचिव आदेश सैनी सम्राट ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और पुलिस की मिलीभगत के कारण ट्रांसपोर्टर्स का उत्पीड़न किया जा रहा है, इसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा और जल्दी ही मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें भी ज्ञापन दिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि इमलीखेड़ा मार्ग पर ट्रकों की आवाजाही पहले से ही बंद है। जो लोग सरकार को कर देने से बचना चाहते हैं वे ही इस तरह का अनर्गल प्रचार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *