रन फॉर स्वच्छता में गायत्री, सपना और तनुश्री अव्वल
देहरादून। जिला खेल कार्यालय की ओर से आयोजित रन फॉर स्वच्छता क्रॉस कंट्री दौड़ के बालिका अंडर-14 में गायत्री शर्मा, अंडर-18 में सपना यादव और ओपन महिला में तनुश्री चौहान ने पहला स्थान प्राप्त किया।
गांधी जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को परेड ग्राउंड में मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रशिक्षक गुरुफूल सिंह ने क्रॉस कंट्री दौड़ को हरी झंडी दिखाई। अंडर-14 बालक वर्ग में अनंत देव, रिहान और सौरभ ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-18 बालक में आदर्श यादव पहले, प्रीत उपाध्याय दूसरे और अभिषेक कुमार तीसरे स्थान पर रहे। इसी प्रकार ओपन पुरुष में नितिन प्रथम, प्रीतम द्वितीय और अनिल तृतीय रहे। वेटरन पुरुष 40-प्लस में मुकेश राणा, जितेंद्र और विपिन कुमार ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। बालिका अंडर-14 में रतिका द्वितीय और गौरी रावत तृतीय रहे, अंडर-18 में अदिती और चांदनी ने क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला ओपन में प्राची द्वितीय और पूनम तृतीय रहीं। विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों की ओर से पुरस्कृत किया गया। मौके पर प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी निधि बिंजोला, उप क्रीड़ा अधिकारी रविंद्र भंडारी, अनुज सिंह, प्रदीप सिंह, माधुरी ज्याला, अविनाश कुंवर आदि मौजूद थे।
