चुनावों में अनुसूचित जाति मोर्चा पदाधिकारियों पर बड़ी जिम्मेदारी : दिनेश
हल्द्वानी(आरएनएस)। दर्जा राज्य मंत्री एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री दिनेश आर्या ने कहा कि लोकसभा चुनावों में मोर्चा के पदाधिकारियों पर बड़ी जिम्मेदारी है। पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना होगा। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति के लोगों का भाजपा के प्रति लगातार विश्वास बढ़ रहा है। लोकसभा चुनावों में भाजपा को जिसका बड़ा फायदा मिलेगा। भाजपा के कुमाऊं सभाग कार्यालय में सोमवार को लोकसभा चुनावों की तैयारी को लेकर आयोजित बैठक में दर्जा राज्य मंत्री आर्या ने कहा कि अब तक के इतिहास में केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकारों ने अनुसूचित जाति के लोगों के लिए सबसे अधिक योजनाएं शुरू की हैं। ऐसे में मोर्चा पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वह सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएं। कहा कि केन्द्र में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बने, इसके लिए मोर्चा से जुड़े हर कार्यकर्ता को हर बूथ से लेकर हर गांव तक संपर्क अभियान तेज करना होगा। भाजपा अनुसूचित मोर्चा की प्रदेश मंत्री मीना गंगोला ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने अनुसूचित समाज के लोगों के लिए उल्लेखनीय योजनाएं शुरू की हैं। केन्द्र सरकार की यह योजनाएं समाज के उत्थान में कारगर साबित हो रही हैं। मोर्चा के जिला प्रभारी लाखन निगल्टिया ने संगठन के कार्यक्रमों की कार्यकर्ताओं को जानकारी दी। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष भुवन आर्य, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा प्रसाद, विधानसभा विस्तारक विप्लव शाह, महामंत्री रविंद्र बाली, नगर अध्यक्ष दिनेश सागर, आनंद आर्य, नकुल आर्य, सोनी टम्टा, आशीष कुमार, नारायण राम, जीवन आर्य, नंदकिशोर आर्य मौजूद रहे। संचालन मोर्चा जिला महामंत्री रविंद्र बाली ने किया।