लेखपाल संघ लक्सर शाखा के अध्यक्ष बने नीरज तोमर  

रुड़की

लक्सर तहसील में लेखपाल संघ की उपशाखा के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह पिछले साल सेवानिवृत्त हो गए थे। इसके बाद से उपशाखा में अध्यक्ष का पद खाली चल रहा था। संघ की जिला इकाई ने उपशाखा की नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू की थी। इसके तहत जिले से ऑब्जर्वर बनकर आए लेखपाल ब्रजभूषण व ऋषिपाल की निगरानी में लक्सर में तैनात सभी लेखपालों की तहसील के सभागार में बैठक बुलाई गई। बैठक में सबसे पहले मतदान कराए बिना ही सहमति के आधार पर पदाधिकारियों का चयन करने पर विचार किया गया। इस दौरान लेखपाल नीरज तोमर को लक्सर उपशाखा का अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा गया।बैठक में उपस्थित सारे लेखपालों ने प्रस्ताव का अनुमोदन किया। इसके साथ ही पंकज कुमार को उपशाखा का उपाध्यक्ष, योगेंद्र राणा को मंत्री, अरुण कुमार को संगठन मंत्री, दीपक कुमार को कोषाध्यक्ष और दाऊद अली को ऑडिटर बनाने का प्रस्ताव भी सभी की सहमति से पारित हुआ। इसके बाद ऑब्जर्वर ब्रजभूषण व ऋषिपाल ने इन सभी पदाधिकारियों के चयन की घोषणा कर उनको शपथ दिलाकर कार्यभार सौंप दिया। बैठक में सुनील चौधरी, पंकज राजपूत, अरुण देव, अंजू सिंह, ललित कुमार, सचिन कुमार आदि लेखपाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *