कार की स्टेयरिंग शीट के नीचे छिपाकर रखी थी चरस, 464 ग्राम के साथ तस्कर गिरफ्तार

विकासनगर

ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली विकासनगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भोजावाला क्षेत्र से एक व्यक्ति को 464 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी चरस को कार की स्टेयरिंग शीट के नीचे छिपाकर ले जा रहा था। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पांच नवंबर को भोजावाला क्षेत्र में मारुति स्विफ्ट कार में संदिग्ध वस्तु होने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कार के पास एक व्यक्ति खड़ा मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रदीप उर्फ सोनू (45) पुत्र मीर सिंह निवासी भोजावाला, विकासनगर बताया। उसने कार को अपना बताया। पुलिस ने उसकी मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली तो स्टेयरिंग शीट के नीचे एक पन्नी में छिपाकर रखी गई 464 ग्राम चरस बरामद हुई।
—
मिर्जापुर से खरीदकर लाया था चरस
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चरस मिर्जापुर से खरीदकर लाया था। इसे कार में छिपाकर रखा था, ताकि गांव के लोगों और वहां से गुजरने वाले राहगीरों को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बेचकर अधिक मुनाफा कमा सके। वह चरस बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2019 में भी एनडीपीएस एक्ट की के तहत कोतवाली विकासनगर में मुकदमा दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *