व्यासी बांध विस्थापितों का समुचित पुनर्वास करेगी सरकार: प्रेमचंद्र अग्रवाल

विकासनगर

पछुवादून में धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे शहरी विकास एवं संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल ने कहा कि जिन लोगों ने प्रदेश के विकास के लिए अपनी मातृभूमि को कुर्बान कर दिया है। उन लोगों की सरकार उपेक्षा नहीं करेगी। कहा कि व्यासी बांध परियोजना के लिए लोगों ने अपने घर और पैतृक जमीन को बांध परियोजना के लिए त्याग किया है। ऐसे विस्थापित लोगों का प्रदेश सरकार पुनर्वास करेगी। जिस पर जल्द कार्रवाई की जायेगी। कैनाल रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर में चल रहे मां दुर्गा, राम दरबार और हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शहरी विकास एवं संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल ने शिरकत की। मंत्री अग्रवाल ने पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि प्रदेश के विकास में लोहारी गांव के लोगों ने अपना अहम योगदान दिया है। उनकी उपेक्षा नहीं की जा सकती है बल्कि उनके पुनर्वास की जल्द सरकार व्यवस्था करेगी। इसके अलावा अग्रवाल ने कहा कि मंदिर समिति के लोगों ने धार्मिक अनुष्ठान में उन्हें आमंत्रित किया है। आज वह धर्म के अलावा कुछ नहीं कह सकते हैं। कहा कि राजनीति पर कुछ नहीं बोलेंगे। कहा कि मेरा सौभाग्य है कि भगवान राम, हनुमान व दुर्गा मां की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में हिस्सा लेने का मौका मिला है। इस मौके पर विकासनगर के विधायक मुन्ना सिंह चौहान, भाजपा के जिला महामंत्री अरुण मित्तल, नीरु देवी, राजकुमार रोहिल्ला, राजकुमार राणा, अजय, नतेश अरोड़ा, डॉ. डीके भंडारी, नगर पालिका अध्यक्ष शांति जुवाठा, संदीप शर्मा, अर्जुन मित्तल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *