यमुना घाटी में फिल्म निर्माण के लिए विदेशों से अच्छी लोकेशन: मुन्ना चौहान 

विकासनगर

जीवनगढ़ के एक वेडिंग प्वाइंट में निजी संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए दक्षिण भारतीय फिल्मों की अभिनेत्री के साथ ही बॉलीवुड अभिनेता भी पहुंचे। फिल्मी कलाकारों के साथ लोगों में सेल्फी लेने की होड़ लगी रही। वहीं कार्यक्रम की शुरुआत विकासनगर विधायक मुन्ना चौहान ने देश के पहले सीडीएस जनरल विपिन रावत के चित्र पर पुष्प अर्पण कर किया। विधायक मुन्ना चौहान ने फिल्मी अभिनेताओं को पछुवादुन और जौनसार बावर समेत पूरी यमुना घाटी में फिल्मों की शूटिंग करने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि विदेशों से भी अच्छी लोकेशन इस पूरे क्षेत्र में है। फिल्म निर्माताओं के यहां शूटिंग करने उनका पैसा बचेगा, जबकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी मुहैया होंगे। दक्षिण भारतीय फिल्मों की अभिनेत्री एश्वर्या अरोड़ा ने कहा कि उत्तराखंड में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। टीवी धाराहिकों के निर्माताओं को भी उत्तराखंड रुख करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कश्मीर फाइल्स फिल्म से चर्चा में आए प्रिंस खुराना ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों की लोकेशन यूरोपीय देशों की लोकेशन से बेहतर है। हीरो द नेशन चंद्रशेखर आजाद में मुख्य भूमिका निभा चुके अभिनेता अहमद कबीर शादान ने उत्तराखंड के लोगों को मिलनसार और संस्कृति प्रेमी बताते हुए कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर भी एक फिल्म बननी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विकासनगर और आसपास के निजी शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से पूर्ण प्रस्तुतियां दीं। समापन पर सरकारी सेवारत कर्मचारियों, चिकित्सा, शिक्षा, समाज सेवा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। इस दौरान डा. सुनील पैन्यूली, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज शर्मा, हिमांशु पुंडीर, अमन आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *