भाजपा की सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी और पलायन को दिया बढ़ावा: अनीता सिंह
विकासनगर।
चकराता विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह की पत्नी भी चुनाव मैदान में प्रचार के लिए उतर आईं हैं। कांग्रेस प्रत्याशी की पत्नी अनीता सिंह ने जौनसार बावर के ठाकुरपुर, कैरी और सुद्धोवाला क्षेत्र में रह रहे लोगों से जनसंपर्क कर प्रीतम सिंह के पक्ष में वोट मांगे। इस दौरान अनीता सिंह ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर महंगाई और बेरोजगारी को समाप्त करने का काम करेगी। कहा कि जब भी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आयी तब तब जौनसार बावर में अभूतपूर्व विकास कार्य किये।
बुधवार को सुद्धोवाला, ठाकुरपुरा और कैरी में रह रहे जौनसार बावर के लोगों से जनसंपर्क कर कांग्रेस प्रत्याशी प्रीतम सिंह की पत्नी अनीता सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है। कहा कि भाजपा सरकार की तीन देन है जिसमें महंगाई, बेरोजगारी और पलायन शामिल है। कहा कि जौनसार बावर में लोगों को रोजगार मिल गया होता तो आज मैदानी क्षेत्र में आकर पलायन न करते। कहा कि कांग्रेस प्रदेश की सत्ता में आयी तो बेरोजगारी और महंगाई को समाप्त करने का काम करेंगी। कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर चकराता क्षेत्र के पर्यटक स्थलों को विकसित करने के साथ ही वहां के धार्मिक स्थलों तीर्थाटन के रूप में विकसित किया जायेगा। जिससे गांवों के लोगों को मैदानी क्षेत्र में पलायन नहीं करना पड़ेगा। बल्कि अपने तीर्थ क्षेत्रों और पर्यटक स्थलों से अपना रोजगार निकाल कर स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। अनीता सिंह ने कहा कि जब भी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी और प्रीतम सिंह मंत्री बने तब जौनसार बावर का अभूतपूर्व विकास हुआ। कहा कि कांग्रेस और प्रीतम सिंह इस बार सत्ता में आयेंगे और जौनसार बावर का विकास तो होगा है। वहां के बेरोजगारों को बड़े पैमाने पर रोजगार देंगे।
