आईएमए पछुवादून के प्रतिनिधि मंडल ने की विधायक चौहान से मुलाकात
क्लीनिकल ऐक्ट की अव्यवहारिकतायें दूर करायी जायेंगी: चौहान
विकासनगर
आईएमए पछुवादून ने क्लीनिकल ऐक्ट को उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य के लिए अव्यावहारिक बताकर विरोध किया है। आईएमए के पदाधिकारियों ने विधायक के समक्ष यह मुद्दा उठाया है। बुधवार को आईएमए पछुवादून के एक प्रतिनिधि मंडल ने विकासनगर के विधायक मुन्ना सिंह चौहान से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल ने विधायक को पुर्ननिवाचित होने पर शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर प्रतिनिधि मंडल ने क्लीनिकल ऐक्ट को लेकर अपना विरोध जताया और इसे पहाड़ी राज्य के लिए अव्यवहारिक बताया। कहा कि ऐक्ट का पालन करना पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में संभव नहीं है। प्रतिनिधि मंडल ने विधायक को बताया कि खुद स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने पूर्व में घोषणा की थी कि पहाड़ी क्षेत्र में तीस बेड से कम वाले अस्पतालों, क्लीनिक और नर्सिंग होम में इसे लागू नहीं किया जायेगा। बताया कि तब स्वास्थ्य मंत्री ने पंद्रह दिन के भीतर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। इस पर विधायक चौहान ने कहा कि इस मामले में वे स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर खुद पैरवी करेंगे। ऐक्ट में पहाड़ की भौगोलिक परिस्थितियों के मद्देनजर इसमें संशोधन करने को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से वार्ता की जायेगी। विधायक चौहान ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या को प्रबलता के साथ स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रखकर स्वास्थ्य मंत्री की घोषणा को अमली जामा पहनाने के साथ ही क्लीनिकल ऐक्ट की अव्यवहारिकताएं दूर की जाएंगी। इस मौके पर आईएमए के अध्यक्ष डॉ. यशवीर तोमर, सचिव हेमंत गुप्ता, डॉ. हंसराज अरोडा, डॉ. अनिल वर्मा, डॉ. बीएस चौहान, डॉ. जगवीर चंद, डॉ. दिनेश भंडारी, डॉ. अमर सिंह, डॉ.मयंक शर्मा आदि शामिल रहे।
