लाखामंडल की जानकारी केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की वेबसाइट में शामिल करने की मांग
विकासनगर
जौनसार बावर पौराणिक धार्मिक स्थल लाखामंडल में यमुना मंदिर तक मार्ग निर्माण करने और भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की वेबसाइट पर लाखामंडल की जानकारी अपलोड करने की मांग सरकार से की गई है। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व प्रदेश महामंत्री गीताराम गौड़ ने इस संबंध में ज्ञापन मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री को सौंपा है। उन्होंने बताया कि लाखामंडल पर्यटन के लिहाजा से महत्वपूर्ण है। यह कस्बा प्रदेश सरकार के तेरह डेस्टिनेशन योजना में भी शामिल है। यहां हर रोज धार्मिक पर्यटकों के साथ ही इतिहास में दिलचस्पी रखने वाले लोग भी आते हैं। यहां आने वाले श्रद्धालु यमुना मंदिर में भी जाते हैं, लेकिन सेरा गांव स्थित इस मंदिर तक जाने के लिए कोई भी मार्ग नहीं है। ऐसे में मंदिर जाने के लिए करीब आधा किमी मार्ग का निर्माण किया जाना जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार की ओर से एक वेबसाइट एप्लीकेशन विकसित किया जा रहा है। इस वेबसाइट में भारत के तीर्थ स्थलों की जानकारी मुहैया कराई जाएगी। बताया कि संस्कृति मंत्रालय की इस वेबसाइट में लाखामंडल की जानकारी को भी शामिल किया जाना चाहिए, जिससे इसे धार्मिक पर्यटन क्षेत्र के तौर पर देश विदेश तक पहचान मिल सके।