गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा रूटों पर खूब बिक रहे लोकल उत्पाद

उत्तरकाशी

चारधाम यात्रा रूटों पर महिला विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर लोकल उत्पादों की खूब बिक्री हो रही है। गंगोत्री व यमुनोत्री धाम यात्रा रूट पर लगे स्टॉलों पर मसाले, ऊनी वस्त्र, रिंगाल आदि लोकल उत्पाद तीर्थयात्रियों को खासे पसंद आ रहे हैं। बीते मंगलवार को गंगोत्री व यमुनोत्री धाम कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा शुरू हो गई है। चारधाम यात्रा के दौरान स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने यात्रा पड़ावों पर स्टॉल लगा दिए हैं। हिलांस ब्रांड के बैनर तले स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने गंगोत्री यात्रा रूट पर लंका पुल, सुक्की टॉप, भटवाड़ी, रैथल, मनेरी फॉल, मैगी प्वाइंट लंबगांव मार्ग, नलूणा तथा यमुनोत्री रूट पर धरासू, खरादी आदि स्थानों पर लोकल उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। इस तरह दोनों धाम पड़ावों पर कुल 13 स्थानों पर स्टॉल स्थापित किए गए हैं। जिनमें दालें, मसाले, जूस, जैम, चटनी, ऊनी वस्त्र, रिंगाल का सामान आदि प्रमुख रूप से रखे गए हैं।
यात्रा शुरू होने पर देश विदेश के तीर्थयात्री धाम के पड़ावों पर गाड़ी रोककर इन उत्पादों को जमकर खरीद रहे हैं। यात्रियों के लिए लोकल उत्पादों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। प्रभागीय परियोजना प्रबंधक आईएलएसपी कपिल उपाध्याय ने बताया कि डीएम के निर्देशानुसार यात्रा रूटों पर लोकल उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं, जिनको यात्री बेहद पंसद कर रहे हैं। चारधाम यात्रा के दौरान लोकल उत्पादों की बिक्री देशभर में इन उत्पादों की मार्केट वैल्यू बढ़ाने का काम करेगी,जिसका सीधा लाभ लोकल महिलाओं को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *