गंगा स्नान से दूर होते हैं कष्ट:  महंत रविपुरी

हरिद्वार

गंगा सप्तमी पर प्राचीन हनुमान मंदिर के महंत रविपुरी महाराज के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने पूजन कर गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। हनुमान घाट से विगत कई वर्षों से मां गंगा जन्मोत्सव संघ मोती बाजार द्वारा निकाली जाने वाली पालकी यात्रा को महंत रविपुरी महाराज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गंगा सप्तमी के अवसर पर प्राचीन हनुमान मंदिर घाट पर गंगा पूजन एवं स्नान के पश्चात श्रद्धाल भक्तों को संबोधित करते हुए महंत रविपुरी महाराज ने कहा कि वैशाख शुक्ल सप्तमी के दिन मां गंगा स्वर्गलोक से भगवान शिव की जटाओं में पहुंची थी। इसलिए इस दिन को गंगा सप्तमी या गंगा जयंती के रूप में मनाया जाता है। ज्येष्ठ माह की शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को गंगा दशहरा पर्व मनाया जाता है। इस दिन मां गंगा का धरती पर अवतरण हुआ था। उन्होंने बताया कि गंगा सप्तमी के अवसर पर्व पर मां गंगा में डुबकी लगाने से मनुष्य के सभी पाप धुल जाते हैं और मोक्ष की प्राप्ति होती है। वैसे तो गंगा स्नान का अपना अलग ही महत्व है। लेकिन इस दिन स्नान करने से मनुष्य सभी दुखों से मुक्ति पा जाता है। गंगा में स्नान करने से 10 पापों का हरण होकर अंत में मुक्ति मिलती है। इस दिन दान-पुण्य का विशेष महत्व है। गंगा सप्तमी गंगा मैया के पुनर्जन्म का दिन है। इसलिए इसे कई स्थानों पर गंगा जयंती के रूप में भी मनाया जाता है। इस पर्व के लिए गंगा मंदिरों सहित अन्य मंदिरों पर भी विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। गंगा सप्तमी के दिन गंगा स्नान का बहुत महत्व है। वैशाख महीने के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि पर गंगा स्नान, अन्न और कपड़ों का दान, जप-तप और उपवास किया जाए तो हर तरह के पाप दूर हो जाते हैं। यात्रा हनुमान घाट से प्रारंभ होकर अपर रोड से होकर हरकी पैड़ी पहुंची। हरकी पैड़ी पर दुग्धाभिषेक के बाद वापस हनुमान घाट पर पहुंचकर यात्रा समाप्त हुई। रास्तेभर पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। पालकी यात्रा निकालने वालों में मेहुल सिंघल, विक्की आडवाणी, आकाश बंसल, गगन बंसल, सुमित मित्तल, अमित मित्तल, दीपक अडवाणी, नवीन अग्रवाल, लव आडवाणी, सन्नी मल्होत्रा, निशांत मल्होत्रा, अमन अरोड़ा, हिमांशु गुप्ता, अखिलेश जोशी, अमित गुप्ता, अमित, आशु वर्मा, पुलकित अरोड़ा, हर्ष चौहान आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *