चकराता की जनता भाजपा को सबक सिखायेगी: अभिषेक
विकासनगर।
चकराता विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह के बेटे अभिषेक सिंह ने कहा कि जब भी कांग्रेस प्रदेश की सत्ता में रही तब जौनसार बावर का चहुंमुखी विकास हुआ। लेकिन सत्ता में आते ही भाजपा ने बदले की भावना से काम कर जौनसार बावर के विकास को अवरुद्ध किया है। इसका सबक चकराता क्षेत्र की जनता चुनाव में भाजपा को सिखायेगी। इस मौके पर तेरह परिवारों ने भाजपा को छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा।
कालसी ब्लॉक की खत फरटाड के विभिन्न गांवों में अपने पिता प्रीतम सिंह के लिए चुनाव प्रचार करते हुए युवा नेता अभिषेक सिंह ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में जौनसार बावर में तीन तहसीलों का गठन, सीएचसी चकराता, त्यूणी, चकराता डिग्री कालेज कांग्रेस शासनकाल में खुले। त्यूणी में सौ बेड का अस्पताल स्वीकृत कांग्रेस शासनकाल में हुआ। जिसे भाजपा की सरकार ने पांच साल तक लटकाये रखा। लेकिन अब कांग्रेस की सरकार बनने पर अस्पताल का उच्चीकरण किया जायेगा। युवा कांग्रेस के नेता अभिषेक सिंह ने कहा कि भाजपा की परंपरा झूठ बोलने की रही है। कहा कि झूठ, फरेब, धोखेबाजी भाजपा की रगरग में है। लोगों की भावनाओं से खेलना भाजपा की पुरानी आदत है। भाजपा के सारे आडंबरों को जनता समझ चुकी है और अब लोग भाजपा से विमुख होकर कांग्रेस की सरकार को देख रहे हैं। कहा कि इस चुनाव में पूरे प्रदेश में कांग्रेस का परचम लहरायेगा। कहा कि इस बार जौनसार बावर में नया सूरज उगने जा रहा है। अब तक उनके पिता प्रीतम सिंह कैबिनेट मंत्री रहे हैं। लेकिन इस बार पूरे प्रदेश जनता अपना नेतृत्व उनके पिता प्रीतम सिंह को सौंपने जा रही है। इस मौके पर खत फरटाड के तेरह परिवारों ने कांग्रेस की सदस्यता ली।
