ऊर्जा निगम बना लापरवाह
श्रीनगर गढ़वाल
कीर्तिनगर के अमोली ग्राम पंचायत के राजस्व गांव धौलंगी(तोड़खंड) में डेढ़ साल से जंक लगे खंबों को बदलने को लेकर ऊर्जा निगम गंभीर नहीं है। इन खंबों की इतनी बुरी हालत हो चुकी है कि कभी भी ये दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। गत दिनों कीर्तिनगर बीडीसी बैठक में भी इस मुद्दे को लेकर एक घंटे तक बहस हुई बावजूद अभी तक इस मामले में ऊर्जा निगम कोई कार्यवाही नहीं कर पाया है। जिससे लोगों एवं ग्राम प्रधान में गहरा आक्रोश है।
अमोली ग्राम पंचायत के प्रधान सुनील सेमवाल का कहना है कि तोड़खंड में करीब आठ से 10 बिजली के पोल नीचे से जंक लगने के कारण खोखले हो गए हैं। उनकी ओर से प्रशासन एवं ऊर्जा निगम से करीब डेढ़ वर्ष से इन पोलों को बदलने के लिए पत्राचार किए जाने के साथ ही अधिकारियों से व्यक्तिगत मिलकर गुहार लगाई जा चुकी है। लेकिन ऊर्जा निगम के अधिकारी सुन नहीं रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम के इस तरह के रवैए से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। साथ ही उन्होंने कहा कि अमोली से होकर गुजर रही हाईटेंशन लाइन के ट्रांसफार्मर का पुश्ता क्षतिग्रस्त हो चुका है। जिससे ट्रांसफार्मर सहित स्थानीय लोगों को भी खतरा बना हुआ है। इस ओर भी ऊर्जा निगक का ध्यान नहीं है। जबकि इस संदर्भ में भी विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने कहा यदि इस तरह की समस्या से कोई अनहोनी होती है तो इसका जिम्मेदार प्रशासन व ऊर्जा निगम रहेगा। प्रभारी अधिशासी अभियंता शैलेंद्र बिष्ट ने कहा कि वह फिलहाल चार्ज पर हैं। इस मामले की उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि अधिशासी अभियंता श्रीनगर अभी छुट्टी पर हैं। उन्हें व सबंधित कीर्तिनगर एसडीओ को इस संदर्भ में अवगत करा दिया जाएगा।