उत्तराखंड पहुंचे एमपी के सीएम शिवराज, सीएम धामी के साथ लिया घटनास्थल का जायजा

उत्तरकाशी

उत्तरकाशी जिले में डामटा के पास रिखाऊखड्ड में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में 26 तीर्थयात्रियों की मौत के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित रिखाऊखड्ड डामटा पहुंचकर दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों ने हादसे की सूचना पर उत्तराखंड पहुंचे मृतकों के परिजनों के आंसू पोंछते हुए दुख की घड़ी में सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि दोनों राज्य की सरकारें दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। धामी ने कहा कि राज्य सरकार हर संभव मदद के लिए तैयार है। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सीएम पुष्कर सिंह धामी के साथ घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान कहा कि दुर्घटना में मारे गए सभी मृतकों का सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी की ओर से रविवार को घटना की सूचना मिलते ही वे लगातार उत्तराखंड सरकार के संपर्क में थे। सीएम धामी खुद राहत और बचाव कार्य का मोर्चा संभाले हुए थे। रेस्क्यू ऑपरेशन में जितनी जल्दी हो सकता था सभी ने तेजी से काम किया। जिला प्रशासन और स्थानीय निवासियों ने रात में ही शवों को गहरी खाई से निकाला। पोस्टमार्टम व पंचनामा की कार्रवाई तेजी से की गई। यात्रियों के पार्थिव शरीर को जौलीग्रांट देहरादून भेजा गया है। यात्रियों के पार्थिव शरीर को सेना के हेलीकॉप्टर से मध्य प्रदेश में खजुराहो पहुंचाया जाएगा। जहां से उनके पार्थिव शरीर को उनके घर भेजकर सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *