लक्सर में शुरू हुआ रेलवे अंडरपास निर्माण कार्य

रुडकी

लक्सर में रेलवे ट्रैक के नीचे अंडरपास बनाने की मांग चौदह साल बाद रंग ले आई। लोग इसके लिए लंबे समय से धरना और अनशन कर रहे थे। नवंबर 2021 में ट्रैक पार कर रहे भाई-बहन की मौत के बाद डीआरएम मुरादाबाद और डीएम हरिद्वार ने अंडरपास बनवाने का वादा किया था। रविवार को रेलवे ने इसका निर्माण शुरू कर दिया।
लक्सर नगर की आबादी मुरादाबाद सहारनपुर रेलवे ट्रैक के दोनों तरफ बसी हुई है। पहले रेल की पटरी पार करने के लिए नगर में रेलवे क्रासिंग था। करीब डेढ़ दशक पहले यहां फ्लाईओवर बनने पर रेलवे ने क्रासिंग को स्थायी रूप से बंद कर दिया था। इससे पैदल मुसाफिरों के अलावा रिक्शा, रेहड़ा वालों को एक तरफ से दूसरी तरफ जाने में परेशानी हो रही थी। इस समस्या के समाधान के लिए कई बार आंदोलन हुए पर नतीजा नहीं निकला। नवंबर 2021 में पैदल पटरी पार कर रहे 14 और 12 साल के बहन-भाई की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई थी। इसके बाद लोग आमरण अनशन पर बैठ गए थे। तब मौके पर पहुंचे डीआरएम मुरादाबाद अजय नंदन व डीएम हरिद्वार विनय शंकर पांडे ने जल्द अंडरपास बनवाने का भरोसा देकर अनशन तुड़वाया था। इसके बाद से रेल विभाग निर्माण से पहले की प्रक्रिया पूरी कर रहा था। पिछले महीने रेलवे ने इसका टेंडर जारी किया था। निर्माण का टेंडर बरेली की निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी के पास है। रविवार को कंपनी कर्मचारियों ने नारियल फोड़कर अंडरपास निर्माण का शिलान्यास कर दिया। उन्होंने बताया कि यहां चार मीटर चौड़ाई का अंडरपास बनेगा। पैदल यात्रियों के अलावा साइकिल, रिक्शा, ठेला, ठेली, रेहड़ा इस अंडरपास से होकर गुजर सकेंगे। शिलान्यास में पंडित दिनेश व्यास, व्यापार मंडल अध्यक्ष अतुल गुप्ता, मनोज वर्मा सहित काफी लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *