राष्ट्रपति कोविंद ने हिमाचल में अटल सुरंग का किया दौरा

शिमला

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार सुबह अटल सुरंग रोहतांग (एटीआर) का दौरा किया। अटल सुरंग 10,000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर दुनिया की सबसे लंबी सुरंग है। इससे पहले, राष्ट्रपति शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर हिमाचल प्रदेश पहुंचे थे। राष्ट्रपति कोविंद ने लाहौल-स्पीति जिले की लाहौल घाटी में उत्तरी द्वार से सुरंग में प्रवेश किया और 9.02 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद कुल्लू जिले के मनाली में सुरंग के दक्षिण द्वार पर पहुंचे। अटल सुरंग का दौरा करने के बाद कोविंद ने इसके निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह सुरंग देश के भविष्य से जुड़ी हुई है। इससे पहले, राष्ट्रपति कोविंद भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टर के जरिए सुरंग के उत्तरी द्वार के पास सिसु गांव पहुंचे। यहां पहुंचने पर उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राष्ट्रपति को थंका पेंटिंग भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर और राज्य के कैबिनेट मंत्री राम लाल मारकंडा भी मौजूद थे। हिमाचल प्रदेश के रोहतांग दर्रे में 13,058 फुट ऊंचे पहाड़ के नीचे बनी अटल सुरंग रोहतांग का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन अक्टूबर, 2020 को किया था। यह सुरंग हर मौसम में खुली रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *