पुनाड़ स्थित पुण्डेश्वर महादेव को चढ़ाया नए अनाज का भोग

रुद्रप्रयाग

मुख्यालय स्थित पुनाड़ क्षेत्र के पुण्डेश्वर महादेव मंदिर में ग्रामीणों द्वारा नए अनाज का भोग लगाया गया। इस मौके पर भगवान की पूजा-अर्चना की गई। साथ ही हवन कर क्षेत्र की खुशहाली, रिद्धि सिद्धि और अच्छी खेती के लिए भगवान से आशीर्वाद लिया गया।
मुख्यालय स्थित पुनाड़ क्षेत्र में विराजमान भगवान पुण्डेश्वर महादेव मंदिर में हर साल ग्रीष्मकाल के दौरान नए अनाज का भोग लगाया जाता है। करीब 7 ग्राम पंचायतों के 258 से अधिक परिवार इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होते हैं। सोमवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ नए अनाज का भोग लगाया गया। रोट और प्रसाद बनाते हुए भगवान शिव को अर्पित किया गया। ऐसी मान्यता है कि जब भी पुनाड़ क्षेत्र की भूमि में नया अनाज पैदा होता है तो इसका पहला भोग भगवान शिव यानि पुण्डेश्वर महादेव को लगाया जाता है ताकि हर व्यक्ति का अन्न धन का भंडार भरा रहे, क्षेत्र में खुशहाली एवं रिद्वि सिद्धि हो। साथ ही आने वाली खेती से अच्छी फसल तैयार हो। इसी उद्देश्य को लेकर सोमवार को क्षेत्रीय लोगों द्वारा पुण्डेश्वर महादेव मंदिर में इस धार्मिक अनुष्ठान को संपंन किया गया। इस मौके पर पंडित कमलेश्वर प्रसाद सेमवाल ने बताया कि यह आयोजन सदियों से होता चला आ रहा है और आज भी लोग भगवान पुण्डेश्वर मंदिर में उसी भावना के साथ इस शामिल होते हैं। पांडव लीला एवं शिव समिति पुनाड़ के अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र गोस्वामी ने बताया कि यह परम्परा वर्षों से चली आ रही है। भगवान पुण्डेश्वर मंदिर की प्रेरणा से एक वर्ष पुनाड़ चौक में पांडव लीला का आयोजन किया जाता है जबकि अगले वर्ष पुण्डेश्वर मंदिर में श्रीमद देवी भागवत कथा आयोजित होती है। इसी बीच नए अनाज के भोग लगाने की परम्परा भी है। इस मौके पर स्थानीय निवासी अजय सेमवाल, रामचन्द्र नौटियाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष राकेश नौटियाल, विक्रम कप्रवान, हरीश चन्द्र सेमवाल, चक्रधर सेमवाल, दुर्गा नौटियाल, हरीश कप्रवान, बलंवत सिंह, हरीश गिरी, गिरीश नौटियाल, शैलेंद्र गोस्वामी, हर्षपति नौटियाल सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *