हफ्ते के पहले ही दिन शेयर बाजार धड़ाम, निवेशकों के 7 लाख करोड़ से ज्यादा डूबे
नई दिल्ली
सप्ताह के पहले दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। अमेरिकी बाजारों के बाद आज घरेलू बाजार भी धाराशायी हो गया। निफ्टी और सेंसेक्स 2 बजे तक लगभग 3 फीसदी से ज्यादा गिर चुके थे। बाजार की इस गिरावट में निवेशकों के 7 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा स्वाहा हो गए। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन बाजार में हर तरफ लाल ही लाल दिख रहा है। अमेरिकी मुद्रास्फीति के आंकड़ों के बाद, कुछ ग्लोबल एक्सपर्ट्स ने कहा है कि अब फेड 50 बीपीएस की रेट हाइक की बजाय 75 आधार अंकों तक की बढ़ोतरी करेगा।
इस वजह से बाजार में गिरावट और हावी हो रही है। 15 जून की रात को फेड अध्यक्ष जेरोम पॉवेल की टिप्पणी इस सप्ताह के लिए सबसे महत्वपूर्ण होगी। मई में अमेरिकी इंफ्लेशन 40 साल के रिकॉर्ड हाई पर 8.6 फीसदी पहुंच गई है।
यूएस ट्रेजरी यील्ड 3.19 फीसदी तक पहुंच गई है। ऐसी परिस्थितियों में माना जा रहा है कि फेड आक्रामक रेट हाइक करेगा। आज शाम को मई के कंज्यूमर प्राइस डाटा आएंगे। इसके पिछले महीने में 7.79 प्रतिशत के मुकाबले 7.1-7.3 प्रतिशत रहने की उम्मीद है। इन कारकों से संकेत मिलता है कि सबसे खराब समय अभी भी खत्म नहीं हुआ है। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज में इक्विटी स्ट्रेटजी के हेड प्रमुख हेमंग जानी ने कहा अमेरिका के मई मुद्रास्फीति के आंकड़ों के चार दशक के उच्च स्तर पर पहुंचने के बाद दुनिया भर के इक्विटी बाजारों में बिकवाली देखी जा रही है।
यूएस फेड द्वारा आक्रामक तरीके ब्याज दरों को बढ़ाने को लेकर डर का माहौल है। बाजार में 3 बजे के पहले निफ्टी 450 अंकों (2.85ः) से ज्यादा की गिरावट के साथ 15750 के करीब पहुंच गया। जबकि, सेंसेक्स 1500 अंकों (2.88ः) से ज्यादा की गिरावट के साथ 52780 के आस-पास रहा है। बैंक निफ्टी में 1100 अंकों (3 फीसदी से ज्यादा) से ज्यादा की गिरावट दिख रही है।
