कार व ट्रक की भिडंत में सेना के जवान की पत्नी सहित मौत,
सीकर
राजस्थान के सीकर शहर में आज एक मिनी ट्रक व कार की आमने सामने की भिडंत में कार सवार आईटीबीपी जवान व उसकी पत्नी की मौत हो गई। हादसा जयपुर- बीकानेर नेशनल हाईवे पर चंदपुरा के पास हुआ। जहां कार सवार गोकुलपुरा निवासी अशोक बढाढरा पत्नी अंकिता के साथ लक्ष्मणगढ़ स्थित ससुराल जा रहा था। तभी एक गाड़ी को ओवरटेक करते समय कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। जिसमें दोनों पति- पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सूचना पर पहुंची पुलिस ने नजदीकी लोगों की मदद से एसके अस्पताल पहुंचाया। यहांं चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हेड कांस्टेबल राकेश ने बताया कि चंदपुरा में ग्रीन एवी होटल के पास हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो सीकर नम्बर के कार व ट्रक की भिड़त होना सामने आया। जिसमें कार सवार गंभीर घायलों को एसके अस्पताल भेजा गया। जहां दोनों को मृत घोषित करने पर उनके शव मोर्चरी में रखवाए गए।
छुट्टी के बाद शाम को जाने वाला था ड्यूटी
जानकारी के अनुसार मृतक अशोक आईडीबीपी का जवान था। जो अरुणाचल प्रदेश में तैनात था। करीब दो महीने पहले ही वह छुट्टी पर आया था। जो पूरी कर वह शाम को ही वापस लौटने वाला था। पर इससे पहले ही लक्ष्मणगढ़ के पास गांव में ससुराल जाते समय वह पत्नी सहित हादसे का शिकार हो गया।
कार के उड़े परखच्चे
हादसा काफी जबरदस्त था। इसका अंदाजा क्षतिग्रस्त कार से लगाया जा सकता है। जिसके पूरी तरह परखच्चे उड़ गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी इसकी जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हताहतों को निजी वाहन से एसके अस्पताल भेजा गया।
