कीमती धातुओं में भारी गिरावट

मुंबई

डॉलर के चौबीस वर्ष के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के दबाव में वैश्विक बाजार में कीमती धातुओं में आई भारी गिरावट से आज घरेलू सर्राफा बाजार में सोना 545 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 2232 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हो गई।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना हाजिर 2.07 प्रतिशत की भारी गिरावट लेकर 1699.39 डॉलर प्रति औंस रह गया। इसी तरह अमेरिका सोना वायदा 1.38 प्रतिशत टूटकर 1710.30 डॉलर प्रति औंस पर रहा। इस दौरान चांदी हाजिर 5.11 प्रतिशत लुढक़कर 18.21 डॉलर प्रति औंस बोली गई।
विदेशी बाजारों की गिरावट का दबाव घरेलू स्तर पर देश के सबसे बड़े वायदा बाजार एमसीएक्स पर भी दिखा। इस दौरान सोना 545 रुपये गिरकर 50257 रुपये प्रति दस ग्राम पर और सोना मिनी 509 रुपये उतरकर 50335 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा। इस बीच चांदी 2232 रुपये की भारी गिरावट लेकर 54895 रुपये प्रति किलोग्राम पर और चांदी मिनी 1950 रुपये सस्ती होकर 55608 रुपये प्रति किलोग्राम बोली गयी।
विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका में महंगाई का स्तर काफी ऊंचा है। ऐसे में फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में बढ़ोतरी करने की उम्मीद बढ़ गई। इससे दुनिया की प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर 24 वर्ष के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया, जिससे वैश्विक बाजार में पीली और सफेद धातु की कीमत पर दबाव बढ़ा है। इसका असर घरेलू सर्राफा बाजार में भी देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *