मुख्यमंत्री ने शहीद जवान विनोद कुमार को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
शहीद के परिजनों को 50 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा
लखनऊ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जम्मू और कश्मीर में आतंकी हमले में शहीद हुए जनपद फर्रुखाबाद निवासी सीआरपीएफ के एएसआई विनोद कुमार के शौर्य और वीरता को नमन करते हुए उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। मुख्यमंत्री ने शहीद के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। उन्होंने परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने तथा जनपद की एक सडक़ का नामकरण शहीद के नाम पर करने की भी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीद के सर्वोच्च बलिदान को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने शहीद विनोद कुमार के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि शोक की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ है। शहीद के परिवार को हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।
